गया एयरपोर्ट पर 25 किलो मादक पदार्थ बरामद, थाईलैंड से आए 4 तस्कर हिरासत में

गया अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा एक बार फिर मादक पदार्थ तस्करी के मामले को लेकर चर्चा में है। बुधवार को जांच एजेंसियों ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 25 किलोग्राम संदिग्ध मादक पदार्थ बरामद किया। यह खेप थाईलैंड से आई एक अंतरराष्ट्रीय उड़ान के जरिए लाई गई थी। इस मामले में चार यात्रियों को हिरासत में लिया गया है। सूत्रों के अनुसार, थाई एयरवेज की फ्लाइट से बोधगया पहुंचे चार संदिग्ध यात्रियों पर पहले से ही एजेंसियों की नजर थी। जैसे ही विमान एयरपोर्ट पर उतरा, सुरक्षा अधिकारियों ने सभी यात्रियों की सघन जांच शुरू कर दी। जांच के दौरान इन चार यात्रियों को अलग कर विशेष निगरानी में लिया गया, जिसके बाद पूरी कार्रवाई को अंजाम दिया गया। हिरासत में लिए गए आरोपितों में तीन पुरुष और एक महिला शामिल हैं। तलाशी के दौरान उनके अलग-अलग बैगों से भारी मात्रा में मादक पदार्थ बरामद हुआ।
प्रारंभिक जांच में इसे हाइड्रोपोनिक बीड्स बताया जा रहा है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में काफी कीमत होती है। इस बरामदगी के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं।
बताया जा रहा है कि जांच एजेंसियों को पहले से ही इस तस्करी की सूचना मिल चुकी थी। इसी इनपुट के आधार पर एयरपोर्ट पर विशेष निगरानी रखी गई थी।
जैसे ही संदिग्ध यात्री पहुंचे, उन्हें चिन्हित कर तलाशी ली गई। इस सटीक सूचना और तत्परता के चलते एजेंसियों को यह बड़ी सफलता मिली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *