एके 47 सहित भारी मात्रा में असलहा बरामद, एक गिरफ्तार

जिले के रजौली थाना स्थित वन्य क्षेत्र से अवैध हथियारों का भय दिखाकर लेवी वसूलने वाले एक बदमाश अजीत कुमार यादव को गिरफ्तार किया गया है। बदमाश की निशानदेही पर भारी मात्रा में अवैध हथियार, जिंदा कारतूस और कुछ संदिग्ध वर्दियां भी जब्त की गई है। हालांकि बदमाश को अवैध हथियार उपलब्ध कराने वाले दो अन्य अपराधी मौके से भागने में सफल रहे। लेकिन एसटीएफ और जिला पुलिस ने रजौली के डेलवा गांव निवासी अजीत कुमार यादव को धर दबोचा है।
शुक्रवार को जिला समाहरणालय स्थित पुलिस अधीक्षक कार्यालय, नवादा में पुलिस अधीक्षक अभिनव धीमान ने प्रेस कान्फ्रेंस आयोजित की और मामले की सिलसिलेवार ढंग से जानकारी दी। पिछले कुछ दिनों से सूचना मिल रही थी कि रजौली थाना के वन्य क्षेत्र में कुछ बदमाश हथियार के बल पर जंगल में आने-जाने वाले और काम करनेवाले मजदूरों को डरा-धमका कर उनका खाना और सामान छीन लेते हैं। एसपी ने बताया कि आरोपित अपने संगठन के अन्य साथियों के साथ मिलकर वन्य क्षेत्र में निर्माण कार्य में जुटे ठेकेदारों और श्रमिकों को हथियार का भय दिखाकर लेवी वसूलते हैं।

उन्होंने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए रजौली एसडीपीओ गुलशन कुमार ने स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) और जिला पुलिस की एक विशेष टीम गठित की। एसटीएफ के एसआई धनराज के नेतृत्व में रजौली थाना की पुलिस और एसटीएफ के जवान शामिल थे।
12 और 13 मार्च की मध्यरात्रि में टीम ने डेलवा गांव के वन्य क्षेत्र में छापेमारी की। इस दौरान एक आरोपित अजीत कुमार यादव को पकड़ा गया। पूछताछ के बाद आरोपित के घर से पश्चिम दिशा में करीब 20 मीटर की दूरी पर रहे आमे के पेड़ के पास से भारी मात्रा में अवैध हथियार बरामद किया गया है। हथियारों में एक एके-47 व उसके 21 जिंदा कारतूस, .315 बोर के दो रायफल व इसके 10 जिंदा कारतूस, दो मैगजीन, तीन एम्यूनिशन पाउच के साथ तीन कौमाफ्लाउज वर्दियां हैं। बदमाश को जब्त हथियारों के साथ थाना लाया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *