ऋतिक रोशन अपनी ब्लॉकबस्टर सुपरहीरो फ्रैंचाइज़ी की अगली किस्त “कृष 4” के साथ निर्देशन में कदम रखने जा रहे हैं, निर्माताओं ने शुक्रवार को इसकी घोषणा की। बहुप्रतीक्षित फिल्म का निर्माण ‘यश राज फिल्म्स द्वारा राकेश रोशन की ‘फिल्मक्राफ्ट प्रोडक्शंस’ के सहयोग से किया जाएगा और अगले साल की शुरुआत में इसकी शूटिंग शुरू होने वाली है। ऋतिक, जिन्होंने फ्रैंचाइज़ी की पिछली तीनों फिल्मों में मुख्य भूमिका निभाई है, अपने पिता राकेश रोशन से निर्देशन की जिम्मेदारी संभालेंगे। राकेश रोशन ने एक बयान में कहा, “मैं ‘कृष 4’ के निर्देशन की कमान अपने बेटे ऋतिक रोशन को सौंप रहा हूं, जिन्होंने इस फ्रेंचाइजी की शुरुआत से ही मेरे साथ इसे जिया, महसूस किया और इसके सपने देखे हैं! ऋतिक के पास कृष के सफर को अगले दशकों तक दर्शकों के साथ आगे ले जाने का एक स्पष्ट और बहुत ही महत्वाकांक्षी विजन है। मुझे उन्हें एक ऐसी फिल्म के लिए निर्देशक की टोपी पहने हुए देखकर बहुत गर्व हो रहा है, जिसका हमारे परिवार के लिए बहुत मतलब है। ‘कृष’ ने दुनिया भर के दर्शकों का मनोरंजन किया है और ऋतिक अब इस सुपरहीरो गाथा के अगले अध्यायों को प्रकट करेंगे और इतने साल पहले मेरे द्वारा बनाए गए विजन को नई ऊंचाइयों पर ले जाएंगे।”
अभिनेता ऋतिक रोशन ‘कृष 4’ से करेंगे निर्देशन में कदम
