मुजफ्फरपुर में कृषि अधिकारी और ड्राइवर 50 हजार रिश्वत लेते गिरफ्तार

विशेष निगरानी इकाई (एसवीयू) ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए मुजफ्फरपुर के अनुमंडल कृषि पदाधिकारी सह प्रभारी जिला कृषि पदाधिकारी हिमांशु कुमार और उनके ड्राइवर रामबाबू राय को 50 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। एसवीयू कार्यालय में एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई थी कि खाद दुकान की जांच के नाम पर उसका लाइसेंस रद्द करने की धमकी दी जा रही है।
आरोप था कि अधिकारी अपने ड्राइवर के माध्यम से 50 हजार रुपये की मांग कर रहे थे। शिकायत मिलने के बाद एसवीयू की टीम ने मामले की गुप्त जांच की। जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद जाल बिछाया गया। पुलिस उपाधीक्षक बिंदेश्वर प्रसाद और पुलिस उपाधीक्षक सुधीर कुमार के नेतृत्व में छापामारी टीम गठित की गई। योजना के अनुसार, मंगलवार को कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपितों को रिश्वत की रकम लेते हुए पकड़ लिया गया। मौके से 50 हजार रुपये बरामद किए गए।
इस मामले में विशेष निगरानी इकाई थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। गिरफ्तार दोनों आरोपितों से पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *