13 जुलाई की तड़के न्यू जलपाईगुड़ी थाने के समीप स्थित सेंट्रल कॉलोनी के नेताजी क्लब के सामने एक चौंकाने वाली चोरी की घटना सामने आई थी। आरोप है कि चोरों के एक गिरोह ने घर के बाहर किसी प्रकार की नशीली दवा का स्प्रे कर घर के सभी सदस्यों को बेहोश कर दिया और फिर चोरी को अंजाम दिया।परिवार के अनुसार, रातभर सभी लोग गहरी नींद में थे।
सुबह जब नींद खुली तो देखा गया कि घर का दरवाजा खुला है, अलमारी और टेबल बिखरे पड़े हैं, और नगद पैसे, सोने के गहनों समेत कई कीमती सामान गायब हैं।घटना की सूचना मिलते ही न्यू जलपाईगुड़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। करीब एक महीने दस दिन की जांच के बाद पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता पाई है।
गत शुक्रवार शाम को एनजेपी थाने की सादे पोशाक वाली पुलिस टीम ने नौकाघाट इलाके से संजय मंडल नामक आरोपी को गिरफ्तार किया। जानकारी के अनुसार, वह सिलीगुड़ी के टिकियापाड़ा इलाके का निवासी है। हालांकि, उसके पास से कोई भी चोरी का सामान बरामद नहीं हुआ है।एनजेपी थाना पुलिस आरोपी को जलपाईगुड़ी अदालत में पेश कर रिमांड पर लेने की मांग कर रही है, ताकि आगे की जांच पूरी की जा सके।
