शहर में घरेलू एलपीजी सिलेंडर की आपूर्ति धीरे-धीरे सामान्य होने के सरकार के दावे के बीच कई दिनों से गैस के लिए एजेंसियों के चक्कर लगा रहे उपभोक्ताओं का सब्र अब टूटने लगा है। शनिवार को शहर की कई गैस एजेंसियों पर भारी भीड़ और आक्रोश की स्थिति देखने को मिली। एजेंसी के प्रबंधक गोपी कृष्णा यादव ने घटना की जानकारी क्राइसिस प्रबंधन ग्रुप में साझा करते हुए एडीएम को पूरे मामले से अवगत कराया। इसके बाद प्रशासनिक टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
इधर, शहर के कई इलाकों में गैस एजेंसियों पर भारी भीड़ के कारण स्थिति तनावपूर्ण बनी रही। महारानी इंटरप्राइजेज, मछुआ टोली और शुभ चांदनी गैस एजेंसी, कदमकुआं में उपभोक्ताओं की काफी भीड़ जमा हो गई, इससे स्थिति बिगड़ती नजर आई। वहीं नितिन इंटरप्राइजेज, पटना सिटी, ओम साईं इंडेन गैस एजेंसी, नया टोला, शहीद गणेश इंडेन, सुलभ इंडेन शोरूम, नोहसा मोड़ (फुलवारीशरीफ) और इंद्रप्रभा इंटरप्राइजेज सहित कई एजेंसियों पर निर्देश के बाद दंडाधिकारी नहीं पहुंचे, इसके बाद एजेंसी संचालक ने पुलिस बल या मजिस्ट्रेट की तैनाती की मांग की। इसके अलावा आरएनबी उद्योग गैस एजेंसी (कंकड़बाग), सिमौली इंडेन (दीघा), दीप गंगा इंडेन, जय श्री इंटरप्राइजेज, मगध उद्यम, आयुषी दीप इंडेन, गौतम इंडेन, उत्सव गैस सेवा (राजीव नगर), सोनम गैस एजेंसी (वार्ड-66), मां शीतला इंडेन (हनुमान नगर), एमएस इंडेन (करबिगहिया) और दीपशिखा गैस (राजेंद्र नगर) पर भी बड़ी संख्या में उपभोक्ता पहुंचे।
इससे एजेंसियों के बाहर अराजक स्थिति बनी रही। कई एजेंसियों ने प्रशासन को संदेश भेजकर बताया कि भीड़ को नियंत्रित करने के लिए तत्काल पुलिस बल और मजिस्ट्रेट की तैनाती आवश्यक है।
एजेंसी संचालकों का कहना है कि सिलिंडर की सीमित आपूर्ति के कारण उपभोक्ताओं में नाराजगी बढ़ रही है और एजेंसी कर्मियों को भी कठिन परिस्थितियों में काम करना पड़ रहा है। वहीं, सुलभ गैस एजेंसी फुलवारी में सिलिंडर नहीं मिलने से नाराज ग्राहकों ने गेट तोड़ दिया।
पटना में रसोई गैस की किल्लत पर फूटा गुस्सा, वेंडर के साथ मारपीट; कई एजेंसियों पर हंगामा और तोड़फोड़
