गुटखा नहीं पहुंचाने पर सीआइएसएफ के जवानों ने की फायरिंग, गिरफ्तार

जगर परिषद क्षेत्र के मिशन चौक पर दुकानदार ने रविवार की शाम चार बजे गाड़ी तक आकर गुटखा नहीं दिया, तो थार में सवार सीआइएसएफ के दो जवानों ने लाइसेंसी पिस्टल से फायरिंग की. दुकानदार ने इस मामले की प्राथमिकी दर्ज करायी. पुलिस ने आरोपित सीआइएसएफ के जवान उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के रहनेवाले पकवाइनार गांव निवासी भोला यादव के पुत्र अनिल यादव और बरबीघा थाना क्षेत्र के कुतुबचक गांव निवासी भगवत प्रसाद के पुत्र
प्रभाकर कुमार को गिरफ्तार कर लिया है. मिशन थानाध्यक्ष ने बताया कि एक खोखा, आरोपित की लाइसेंसी पिस्टल, दो कारतूस और थार गाड़ी को जब्त कर लिया गया है. पीड़ित पान विक्रेता रामपुर सिंडाय गांव की बगल में स्थित चंद्रवंशी नगर निवासी शशि भूषण राम के पुत्र राहुल कुमार है. दुकानदार ने बताया कि रविवार की शाम थार में सवार दो लोगों ने गुटखा मांगा. व्यस्त होने के कारण गाड़ी
तक गुटखा पहुंचाने से मना दिया. इसको लेकर कहासुनी हुई. इसके बाद सात बजे थार पर सवार दोनों फिर आये दुकानदार राहुल कुमार के साथ मारपीट करने लगे. इसी दौरान एक व्यक्ति ने फायरिंग कर दी. बताया जाता है कि सभी नशे में थे. सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और दोनों को हिरासत में ले लिया. इधर, थाने में दुकानदार पर दवाब बनाया जा रहा था कि एफआइआर नहीं कराये. इस दौरान उसने वीडियो बना लिया, जिसमें दोनों आरोपित कुर्सी पर बैठे थे और पुलिसकर्मी नाश्ते का प्रबंध कर रहे थे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *