सिलीगुड़ी में सोने की दुकान में फिर एक बार सरेआम चोरी की घटना से बाजार क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। इस बार घटना घटी माटीगाड़ा थाना अंतर्गत शिवमंदिर बाजार स्थित एक ज्वेलरी शॉप में, जहां सोमवार दोपहर करीब 12 बजे दो युवक सुनियोजित तरीके से करीब 10 लाख रुपये मूल्य की 10 सोने की चेन लेकर चंपत हो गया। दुकान के मालिक हरिपद सरकार ने बताया कि सबसे पहले एक युवक ग्राहक बनकर दुकान में दाखिल हुआ और सोने के लॉकेट देखने की बात कहता है। कई लॉकेट दिखाए जाने के बाद वह चेन दिखाने की मांग करता है। तभी थोड़ी देर में एक और युवक दुकान में प्रवेश करता है और दोनों चेन को लेकर पूछताछ करने लगता है।
इसी दौरान एक युवक दुकान के काउंटर से 10 सोने की चेन उठाकर भाग जाता है और पीछे-पीछे दूसरा युवक भी बाहर निकल सड़क पर खड़ी बाइक पर सवार होकर फरार हो जाता है। घटना के बारे में स्थानीय दुकानदार गौतम पाल को संदेह हुआ और जब वे दुकान में आकर पूछताछ करते हैं, तब पूरी चोरी का पता चलता है। उन्होंने युवकों का पीछा करने की कोशिश की, लेकिन तब तक वे गायब हो चुके थे।
घटना की सूचना मिलने पर माटीगाड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंचती है और दुकान व आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालती है। ज्वेलरी शॉप मालिक हरिपद सरकार का कहना है,“मैंने अपना सब कुछ लगाकर यह दुकान खड़ी की थी, अब एक ही झटके में सब कुछ लुट गया। घर नहीं बनवाया, सब कुछ व्यापार में लगाया था। अब पूरी तरह बर्बाद हो गया।”
