दक्षिण कोलकाता के आनंदपुर इलाके में स्थित बहुमंजिला आवासीय परिसर ‘अर्बाना’ की ३१वीं मंजिल पर स्थित एक फ्लैट में भीषण आग लग गई। आग की सूचना मिलते ही दमकल की ३ गाड़ियाँ तुरंत मौके पर पहुँचीं और स्थिति पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। इस घटना के दौरान परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और सुरक्षा कारणों से लिफ्ट सेवाओं को अस्थायी रूप से रोक दिया गया, जबकि निवासियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
राहत की बात यह है कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, हालांकि फ्लैट के अंदर रखा कीमती सामान जलकर खाक हो गया है। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई जा रही है। दमकल विभाग और पुलिस की टीम अब इस बात की जांच कर रही है कि क्या इमारत के भीतर अग्नि सुरक्षा उपकरण चालू स्थिति में थे और क्या सभी सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन किया गया था।
