GST कलेक्शन जुलाई में 10.3% बढ़कर 1.82 लाख करोड़ हुआ

जुलाई में जीएसटी संग्रह 10.3 प्रतिशत बढ़कर 1.82 लाख करोड़ रुपये से अधिक हो गया, जो मुख्य रूप से वस्तुओं और सेवाओं में घरेलू लेनदेन से प्रेरित था। 7 साल पहले 1 जुलाई 2017 को अप्रत्यक्ष कर व्यवस्था शुरू होने के बाद से यह तीसरा सबसे अधिक मासिक संग्रह है। आंकड़ों के मुताबिक जुलाई में कुल रिफंड 16,283 करोड़ रुपये रहा। रिफंड समायोजित करने के बाद शुद्ध वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) संग्रह 14.4 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 1.66 लाख करोड़ रुपये से अधिक था। सकल जीएसटी राजस्व 1,82,075 करोड़ रुपये रहा, जिसमें 32,386 करोड़ रुपये का केंद्रीय जीएसटी, 40,289 करोड़ रुपये का राज्य जीएसटी और 96,447 करोड़ रुपये का एकीकृत जीएसटी शामिल है। मुआवजा उपकर संग्रह 12,953 करोड़ रुपये रहा। राजस्व घरेलू गतिविधियों से प्राप्त करों से प्रेरित था, जो जुलाई में 8.9 प्रतिशत बढ़कर 1.34 लाख करोड़ रुपये हो गया। आयात से राजस्व 14.2 प्रतिशत बढ़कर 48,039 करोड़ रुपये हो गया। अप्रैल 2024 में सकल जीएसटी राजस्व 2.10 लाख करोड़ रुपये के रिकॉर्ड उच्च स्तर पर पहुंच गया, पिछला उच्च स्तर अप्रैल 2023 में था जब यह 1.87 लाख करोड़ रुपये था। जुलाई 2024 में 1.82 लाख करोड़ रुपये का संग्रह अब तक का तीसरा सबसे बड़ा संग्रह है। इस वित्त वर्ष (अप्रैल-जुलाई) में अब तक संग्रह 10.2 प्रतिशत बढ़कर लगभग 7.39 लाख करोड़ रुपये हो गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *