भारतीय दस्तावेज़ों की फर्जीवाड़ा कर भारत में प्रवेश, इंदोनेशियाई महिला गिरफ्तार

पानीटंकी बॉर्डर पर एक संदिग्ध इंदोनेशियाई महिला को एसएसबी ने फर्जी भारतीय दस्तावेजों के साथ गिरफ्तार किया। गुरुवार (4 सितंबर) शाम करीब 5:30 बजे 41वीं बटालियन की ‘सी’ कंपनी के बॉर्डर इंटरैक्शन टीम (BIT) ने पुराने पुल के पास, भारत-नेपाल सीमा के खंभा संख्या 90 के निकट भारतीय सीमा क्षेत्र से महिला को हिरासत में लिया। प्रारंभ में महिला ने खुद को भारतीय नागरिक बताते हुए अपना नाम “निनियोमान मुर्नी” बताया। लेकिन पूछताछ के दौरान उसके पास से कई फर्जी दस्तावेज़ बरामद हुए, जिनमें इंदोनेशिया का पहचान पत्र भी शामिल था। बाद में उसने स्वीकार किया कि उसका असली नाम “नि कादेक सिसियानी” है और वह इंदोनेशिया के बाली प्रांत की निवासी है।

पकड़ी गई महिला ने यह भी कबूल किया कि:

उसने मुंबई में एक स्थानीय दलाल की मदद से फर्जी आधार और पैन कार्ड बनवाए थे।

वह पिछले करीब 10 वर्षों से मुंबई में इन्हीं फर्जी दस्तावेज़ों के आधार पर रह रही थी।

उसने भारत, नेपाल, तुर्की और इंदोनेशिया के बीच आवाजाही के लिए कई फर्जी पहचान का उपयोग किया है।

एसएसबी सूत्रों के अनुसार, महिला के खिलाफ विदेशी नागरिक अधिनियम, पासपोर्ट अधिनियम और भारतीय दंड संहिता की कई धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। उसके पास से फर्जी दस्तावेज़ों के साथ-साथ डिजिटल सबूत भी बरामद किए गए हैं। उचित प्रक्रिया पूरी करने के बाद महिला को चिकित्सकीय परीक्षण के उपरांत आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए खोरीबाड़ी थाना पुलिस को सौंप दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *