नक्सलबाड़ी में लंबे समय से चली आ रही पेयजल संकट समाधान की दिशा में प्रशासन ने सक्रिय कदम उठाया है। नक्सलबाड़ी ब्लॉक के मनीराम ग्राम पंचायत अंतर्गत किलाराम इलाके में वर्षों से बंद पड़ी पंप हाउस को पुनः चालू करने की प्रक्रिया शुरू हुई है।इस संदर्भ में शुक्रवार को महकमा परिषद के सभाधिपति अरुण घोष स्वयं पंप हाउस का निरीक्षण करने पहुंचे। उन्होंने मौके पर उपस्थित अधिकारियों के साथ बैठक कर स्थिति का जायज़ा लिया और जल्द से जल्द इस पंप हाउस को कार्यरत करने की योजना तैयार की।
सभाधिपति अरुण घोष ने बताया, “यह पंप हाउस यदि पुनः चालू किया जाए, तो स्थानीय लोगों को वर्षों से झेल रहे पेयजल संकट से राहत मिलेगी। प्रशासन की प्राथमिकता है कि क्षेत्र के हर घर तक स्वच्छ पानी पहुंचे।”स्थानीय निवासियों ने बताया कि उन्होंने कई बार जल संकट को लेकर शिकायत दर्ज की थी, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं हुआ था। प्रशासन की इस नई पहल से लोगों में उम्मीद जगी है।
एक स्थानीय निवासी ने कहा, “हमने कई बार अपनी समस्या रखी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। अब प्रशासन ने खुद आकर निरीक्षण किया है, तो उम्मीद है कि जल्द ही हमें पानी की समस्या से निजात मिलेगी।”अब देखना यह होगा कि प्रशासन की इस पहल को जमीनी स्तर पर कितनी तेजी से क्रियान्वित किया जाता है, जिससे लोगों को जल्द राहत मिल सके।
