जलपाईगुड़ी में भारी बारिश और बिजली गिरने से जनजीवन अस्त-व्यस्त, तिस्ता नदी पर लाल अलर्ट जारी

जलपाईगुड़ी जिले में शनिवार सुबह से तेज बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की घटनाओं के चलते आम जनजीवन पर असर पड़ा है। बादलों की तेज गर्जना और घने बादलों के कारण सुबह के समय अंधेरा छा गया। तिस्ता नदी पर लाल चेतावनी जारी कर दी गई है। लगातार हो रही बारिश के कारण गजोलडोबा तिस्ता बैराज से बार-बार पानी छोड़ा जा रहा है। शनिवार सुबह 7 बजे तिस्ता बैराज से 1462 क्यूसेक पानी छोड़ा गया।

फ्लड कंट्रोल रूम, जलपाईगुड़ी के अनुसार, मेखलिगंज से लेकर बांग्लादेश सीमा तक तिस्ता नदी के असुरक्षित इलाकों में लाल चेतावनी, और जलढाका नदी के एनएच 31 पर स्थित असुरक्षित इलाकों में पीली चेतावनी जारी की गई है। यह जानकारी शनिवार सुबह 7:45 बजे दी गई। लगातार हो रही भारी बारिश के चलते जलपाईगुड़ी शहर और आसपास के कई इलाकों में जलजमाव की स्थिति बन गई है।

सुबह से ही सड़कों पर लोगों की आवाजाही बहुत कम देखी गई। सामान्य दिनों की अपेक्षा आज सुबह बाजारों में दुकानें खुली नहीं मिलीं और खरीदार व विक्रेताओं की उपस्थिति भी बेहद कम रही। बारिश के साथ-साथ जलजमाव की वजह से स्थानीय लोग भारी परेशानी का सामना कर रहे हैं। अभी भी कई इलाकों में ड्रेनेज की व्यवस्था सही नहीं होने के कारण बारिश का पानी निकल नहीं पा रहा है और लंबे समय तक जमा रह जाता है। इससे राहगीरों और स्थानीय निवासियों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि हर बार भारी बारिश में यही स्थिति बनती है, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *