बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के भगवानपुर चौक स्थित मुथूट फाइनेंस कार्यालय से 32 किलो सोना लूटकांड में वांटेड जीतन कुमार उर्फ जितेंद्र यादव को कांटी पुलिस ने शुक्रवार को सदातपुर से दबोचा है। वह दामोदरपुर स्थित पठान टोली का रहनेवाला है। उसके पास से एक कट्टा, कारतूस व बाइक बरामद की गई है। उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट में केस दर्जकर शुक्रवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। मुथूट फाइनेंस लूटकांड में रिमांड करने को लेकर सदर थानेदार का निर्देश दिया गया है। एसएसपी जयंतकांत ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि जीतन कुमार कांटी में मौजूद है। दामोदरपुर-नरसंडा रोड में बाइक से जा रहा है। कांटी थानेदार कुंदन कुमार के नेतृत्व में टीम गठित कर छापेमारी की गई। सदातपुर मोड़ से उसे दबोच लिया गया। छानबीन में पता लगा कि लूटकांड के समय गिरोह के गुर्गों के साथ मुथूट फाइनेंस के कार्यालय में मौजूद था। घटना के बाद वह फरार हो गया था। हालांकि, उसके पास से कैश या लूटा गया सोना बरामद नहीं हो सका है। छह फरवरी 2019 को लुटेरों ने मुथूट फाइनेंस के कार्यालय से दस करोड़ रुपये का 32 किलो स्वर्णाभूषण लूटा था। विशेष टीम ने कार्रवाई करते हुए एक सप्ताह के भीतर समस्तीपुर के पगरा के सरगना विकास झा के भाई सुभाष समेत पांच को गिरफ्तार किया था। 18 किलो सोना भी इनके ठिकाने से बरामद हुआ था। कुछ दिनों बाद दो अन्य लुटेरों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया। एक किलो सोना भी बरामद हुआ था। इस घटना के बाद गिरोह के सरगना विकास झा ने नया गिरोह तैयार किया। इसके बाद हाजीपुर में भी मुथूट फाइनेंस के कार्यालय से 55 किलो सोना लूटा। मुंगेर से विशेष टीम ने उसे गिरफ्तार किया। पूछताछ करने के बाद उसे दरभंगा पुलिस के हवाले कर दिया गया। इधर, विकास की गिरफ्तारी के बाद सदर पुलिस ने उसे न्यायिक रिमांड पर लेने की कवायद तेज कर दी है।
मुथूट फाइनेंस से 32 किलो सोना लूटकांड का वांटेड पुलिस के हत्थे चढ़ा
