निजी स्कूलों को टक्कर: सरकारी स्कूल के बच्चों ने रोहिणी लेक में मनाया शानदार पिकनिक

सरकारी स्कूल के बच्चों के चेहरों पर आज एक अलग ही चमक और उत्साह देखने को मिला। बरदाकांत प्राथमिक विद्यालय की पहल पर बुधवार को छात्रों के लिए एक भव्य पिकनिक (वनभोजन) का आयोजन किया गया। स्कूल के बच्चों को चार बसों में भरकर पहाड़ों की गोद में बसे खूबसूरत रोहिणी लेक ले जाया गया।इस पिकनिक की शुरुआत पूरी रीति-रिवाजों के साथ हुई। यात्रा शुरू करने से पहले पूजा-अर्चना की गई, नारियल फोड़ा गया और हरी झंडी दिखाकर बसों को रवाना किया गया। बच्चों के लिए खान-पान का शाही इंतजाम किया गया था। सुबह के नाश्ते में अंडे, केले, संतरे, ब्रेड और मिठाई दी गई।

वहीं दोपहर के भोजन में फ्राइड राइस, मांस और मछली फ्राई जैसे स्वादिष्ट व्यंजनों का छात्रों ने जमकर लुत्फ उठाया। पिकनिक के दौरान छात्रों के व्यवहार और उनकी हंसी-खुशी से साफ झलक रहा था कि वे इस दिन का कितना आनंद ले रहे हैं। स्कूल के प्रधान शिक्षक रंजन शीलशर्मा ने इस आयोजन के पीछे की सोच साझा करते हुए कहा कि अक्सर सरकारी स्कूल के बच्चे निजी स्कूलों के ताम-झाम और उनके आयोजनों को देखकर उदास हो जाते हैं। उन्हें लगता है कि वे इन खुशियों से वंचित हैं।

प्रधान शिक्षक रंजन शीलशर्मा ने कहा  “प्राइवेट स्कूलों की गतिविधियों को देखकर हमारे छात्रों का मन कई बार छोटा हो जाता है। हमने सभी शिक्षकों के साथ चर्चा की और तय किया कि हम अपने बच्चों को भी वैसा ही माहौल देंगे। हमारा उद्देश्य है कि हमारे छात्र निजी स्कूलों के साथ तालमेल बिठा सकें और पूरी खुशी के साथ अपनी पढ़ाई जारी रख सकें।” इस पहल की अभिभावकों और स्थानीय लोगों ने काफी सराहना की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *