महालया के कुछ ही दिन शेष बचे हैं और उसके साथ ही शुरू होने जा रहा है बंगाल का सबसे बड़ा त्योहार — दुर्गा पूजा। जैसे-जैसे तृतीया और चतुर्थी पास आ रही है, वैसे-वैसे सिलीगुड़ी शहर में पूजा की तैयारियाँ चरम पर है. हर साल की तरह इस बार भी भीड़ को नियंत्रित करने और सुरक्षा उपायों को सुनिश्चित करने के लिए सिलीगुड़ी मेट्रोपोलिटन पुलिस कमर कस चुकी है। मंगलवार को सिलीगुड़ी मेट्रोपोलिटन पुलिस कमिश्नर सी. सुधाकर, दमकल विभाग और बिजली विभाग के उच्चाधिकारियों के साथ शहर के प्रमुख पूजा पंडालों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने पंडालों में दर्शकों के प्रवेश और निकास मार्ग, अग्निशमन व्यवस्था, विद्युत उपकरणों की सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं का समीक्षा और मूल्यांकन किया।
उन्होंने कहा भीड़ नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। हर पूजा कमिटी को स्वयंसेवकों की नियुक्ति करनी होगी। सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य रूप से लगाने की सलाह दी गई है। अग्निशमन से प्रशिक्षित स्वयंसेवकों की तैनाती की सिफारिश की गई है। पुलिस की विशेष टुकड़ियाँ और ‘विनर्स’ दस्ते पूजा के दिनों में लगातार गश्त पर रहेंगे। हेल्पलाइन नंबर का आम लोगों द्वारा अधिकाधिक उपयोग करने का अनुरोध किया गया है।
बिजली और अग्निशमन विभाग के अधिकारी भी 24×7 ड्यूटी पर रहेंगे ताकि किसी भी आपातकालीन स्थिति से तुरंत निपटा जा सके। उन्होंने पूजा आयोजकों को सभी सुरक्षा मानकों का पालन करने की सख्त हिदायत दी है। पुलिस कमिश्नर सी. सुधाकर ने साफ कहा है कि क्लबों को सड़कों पर अवरोध पैदा कर सजावटी गेट लगाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। साथ ही, जिन पूजा पंडालों के प्रवेश और निकास द्वार संकरे हैं, उन्हें चौड़ा करने का निर्देश दिया गया है।
