सिलीगुड़ी: बड़ी डकैती की साजिश नाकाम, भक्तिनगर पुलिस ने 4 बदमाशों को दबोचा

सिलीगुड़ी मेट्रोपॉलिटन पुलिस की भक्तिनगर थाना अंतर्गत ‘एंटी-क्राइम विंग’ ने बुधवार देर रात एक बड़ी सफलता हासिल की। शहर में किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में जुटे चार बदमाशों को पुलिस ने रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया है।पुलिस सूत्रों के अनुसार, बुधवार रात गुप्त सूचना मिली थी कि सिलीगुड़ी के सेवक रोड स्थित पीसी मित्तल बस स्टैंड के पास लगभग आठ बदमाशों का एक गिरोह किसी डकैती की योजना बनाने के लिए इकट्ठा हुआ है। सूचना मिलते ही भक्तिनगर थाने की एंटी-क्राइम विंग ने इलाके में छापेमारी की।

पुलिस की आहट पाते ही अंधेरे का फायदा उठाकर गिरोह के कुछ सदस्य भागने में सफल रहे, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर चार बदमाशों को धर दबोचा।गिरफ्तार किए गए आरोपियों के नाम इस प्रकार हैं:राजेन पंडित: निवासी एक्तियासाल।मोहम्मद बिपुल: निवासी विवेकानंद पल्ली।भाषा राजबंशी उर्फ नेदु: निवासी आदर्श पल्ली।अरुण छेत्री: निवासी सालुगाड़ा। पुलिस ने तलाशी के दौरान बदमाशों के पास से डकैती के उद्देश्य से लाए गए घातक हथियार और अन्य उपकरण बरामद किए हैं।

पुलिस का मानना है कि ये बदमाश किसी बड़ी दुकान या घर को निशाना बनाने वाले थे।भक्तिनगर थाना पुलिस ने आज (गुरुवार) चारों आरोपियों को जलपाईगुड़ी अदालत में पेश किया। पुलिस अब गिरफ्तार बदमाशों से पूछताछ कर रही है ताकि फरार हुए अन्य साथियों के ठिकाने और उनकी पहचान उजागर की जा सके। शहर में सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए गश्त और बढ़ा दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *