जलपाईगुड़ी के बाहरी इलाके में १० फरवरी, २०२६ की रात को एक भीषण सड़क हादसे में तृणमूल कांग्रेस के नेता लूतफर रहमान मौत हो गई। रहमान, जो जलपाईगुड़ी सदर-II ब्लॉक के अल्पसंख्यक सेल के अध्यक्ष थे, अपनी १४ वर्षीय बेटी को ट्यूशन से लेकर मोटरसाइकिल पर घर लौट रहे थे। जब वे नेशनल हाईवे २७ के गोशाला मोड़ को पार कर रहे थे, तब मैनागुड़ी की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार कंटेनर ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि रहमान की बेटी सड़क के किनारे जा गिरी, जबकि रहमान ट्रक की चपेट में आ गए। ट्रक ने उनकी मोटरसाइकिल को करीब २ किलोमीटर तक घसीटा। स्थानीय लोगों ने जलपाईगुड़ी सरकारी इंजीनियरिंग कॉलेज के पास ट्रक के नीचे फंसी बाइक को देखकर उसका पीछा किया और पुलिस को सूचित किया। रहमान को अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया, जबकि उनकी बेटी का इलाज चल रहा है। इस घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हाईवे जाम कर दिया और पुलिस की दो गाड़ियों में तोड़फोड़ की। पुलिस ने आरोपी ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
